Maharajganj Times

Maharajganj News :- जिले में शिक्षा की उड़ान को मिले नए पंख, खुलेगा केंद्रीय विद्यालय इस सत्र से शुरू होंगी कक्षाएं

Education
Friday, 30 May, 2025
0
1034

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जिले के छात्रों और अभिभावकों के लिए लंबे इंतजार का अंत हो गया है। वर्षों से जिसकी प्रतीक्षा थी, वह सपना अब साकार होने जा रहा है। शैक्षणिक सत्र 2025–26 से जिले में केंद्रीय विद्यालय की कक्षाएं औपचारिक रूप से शुरू हो जाएंगी। केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि शुरुआत में कक्षा 1 से 5 तक की पढ़ाई कराई जाएगी। प्रत्येक कक्षा का एक सेक्शन संचालित होगा और आगे आवश्यकता व स्वीकृति के आधार पर कक्षाओं की संख्या बढ़ाई जाएगी। भवन निर्माण अभी प्रगति पर है, इसलिए जिला प्रशासन ने तात्कालिक रूप से राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, महराजगंज के परिसर में सात कक्षों को अधिग्रहित कर विद्यालय संचालन की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की है। विद्यालय में प्रवेश के लिए 5 जून से 19 जून 2025 तक ऑफलाइन पंजीकरण किया जाएगा। पंजीकरण हर कार्यदिवस में सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक किया जा सकेगा। पंजीकरण फॉर्म PM श्री केवी AFS गोरखपुर की वेबसाइट (https://gorakhpur.kvs.ac.in) से भी डाउनलोड किया जा सकता है। कक्षा 1 में प्रवेश के लिए न्यूनतम आयु 6 वर्ष और अधिकतम 8 वर्ष निर्धारित की गई है। अन्य कक्षाओं के लिए भी आयु सीमा तय की गई है। सीटों का आवंटन केंद्रीय विद्यालय संगठन के दिशा-निर्देशों के अनुसार आरक्षित श्रेणियों को ध्यान में रखकर किया जाएगा। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने बताया कि इसे जिले के लिए "शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि" बताया। उन्होंने कहा, “यह सिर्फ विद्यालय नहीं, बल्कि महराजगंज के भविष्य को आकार देने की एक बुनियाद है। वही जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि इस जिले की शिक्षा व्यवस्था के लिए मील का पत्थर बताया और कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए सभी आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था पूरी कर ली गई है। करीब एक दशक से चल रही केंद्रीय विद्यालय की मांग अब जाकर पूरी हुई है। यह विद्यालय न केवल शहर के बच्चों, बल्कि ग्रामीण व अर्ध-शहरी इलाकों के विद्यार्थियों के लिए भी एक नया अवसर लेकर आया है।

<